धूम-धड़ाके के बाद एक और दिवाली बीत गई। एक बार फिर पटाखों के विरोधियों और समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर तलवारें खिंचीं। पटाखा विरोधी हिन्दू विरोधी या सनातन विरोधी कहे गए और समर्थक हिन्दू और सनातन के संरक्षक। कुछ नेताओं के बयानों के ऊल-जलूल बयानों ने संरक्षकों को और धार दे दी।
कल रात दिए जलाने के बाद मैं सपरिवार संबंधियों और मित्रों से मिलने निकला। ज्यादातर इलाकों में पटाखों का इतना धुआँ था कि दृश्यता शायद 50 मीटर भी न रही हो। सड़क पर सांस लेना मुश्किल था। घरों में बुजुर्ग निश्चित रूप से असहज दिख रहे थे। और गलियों में घबराए वे दिख रहे थे जिन्हें हमने ‘बेजुबान’ का नाम दिया है। सुबह के एक्यूआई के आँकड़े सच में डराने वाले थे। दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, बनारस, नोएडा, गाजियाबाद… सब का एक ही हाल। एक्यूआई 500 के आसपास – बेहद जोखिमपूर्ण स्तर पर।
पटाखों से होने वाले नुकसान के लिए ग्रीन पटाखों की सिफारिश की जाती है। ऐसा नहीं है कि ग्रीन पटाखे प्रदूषण नहीं फैलाते हैं। वे भी प्रदूषण फैलाते हैं लेकिन सामान्य पटाखों से करीब 35 प्रतिशत तक कम। ग्रीन पटाखों में जहरीले पदार्थों जैसे बेरियम नाइट्रेट, लिथियम, आर्सेनिक, लेड, एंटीमनी या तो बिल्कुल नहीं होते हैं या बहुत कम होते हैं। इनसे जहरीली गैसें बहुत कम निकलती हैं। जब वे फटते हैं तो हवा में पानी की भाप निकलती है जिससे पीएम 2.5 और पीएम 10 हवा में तैरने के बजाय सतह पर बैठ जाते हैं। इनमें एल्युमिनियम की जगह दूसरे खास तौर पर बनाए गए पदार्थों का उपयोग किया जाता है ताकि लगभग समान दृश्य और श्रव्य प्रभाव पैदा हो सकें।
हाँलाकि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में केवल ग्रीन पटाखों की अनुमति दी थी, संभवतः यह जानना लगभग असंभव होगा कि कितने ग्रीन पटाखे चले और कितने सामान्य पटाखे। और जहाँ ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं था वहाँ तो भगवान ही मालिक है। आखिरकार ग्रीन पटाखे सामान्य पटाखों के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत महंगे होते हैं और लगभग 30 प्रतिशत कम आवाज करते हैं।
मुझे लगता है सरकार खुद ही इस मामले पर गंभीर नहीं है। अगर पारंपरिक पटाखों का उत्पादन पूरी तरह बंद हो जाए तो प्रदूषण पर एक गंभीर प्रहार तो जरूर हो जाएगा। हो सकता है शुरुआत में ग्रीन पटाखे अधिक महंगे हों। पर होने दें। पटाखे कोई जीवन रक्षक चीज नहीं जिनके महंगे होने से किसी की जान चली जाएगी। इसके उलट उनके सस्ते होने से जान जाने की संभावना अधिक है।
फोटो: पटाखे जलने के बाद लखनऊ की एक सड़क देर रात में।
